सुनील कुमार
एटा। डीएम विजय किरन आनन्द ने कागजों पर नौकरी कर रहे 15 सफाई कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया है । जिलाधिकारी की कार्यवाही से विभाग में हड़कम्प मच गया है । इससे पूर्व जिले के डीएम शिक्षकों को बर्खास्त करने की कार्यवाही कर चुके हैं ।
जिले में गांवों की सफाई व्यवस्था कागजों पर चल रही है । विभागीय मिलीभगत से सफाई कर्मचारी लंबे समय से मौज मारते आ रहे हैं । जिलाधिकारी विजय किरण आनंद के समक्ष जब इस आशय की शिकायतें पहुंची, तो उन्होंने सख्त रुख अपनाया । उन्होंने जिला पंचायतराज अधिकारी धनंजय जायसवाल को गैर हाजिर रहने वाले सफाई कर्मियों की सेवा समाप्ति के आदेश दिए। जिला पंचायत राज अधिकारी ने निरंतर बिना किसी सूचना व अवकाश के ड्यूटी से अनुपस्थित, फरार चल रहे जलसेर विकासखण्ड क्षेत्र के रविशंकर, रामबाबू एवं निधौलीकला क्षेत्र के श्यामबाबू, सूर्यकांत एवं अवागढ़ ब्लाक क्षेत्र के अजय कुमार, योगेन्द्र, शिवकुमार एवं सकीट क्षेत्र के ज्ञानेश, पीतम्बर सिंह एवं जैथरा क्षेत्र के वीरेश, पंकज कुमार एवं शीतलपुर क्षेत्र के दुष्यन्त, मारहरा क्षेत्र के नेत्रपाल सिंह, अशोक कुमार, हेमंतीनन्दन सहित 15 सफाईकर्मियों की सेवा समाप्ति की कार्यवाही की है।
डीपीआरओ ने बताया इन सफाईकर्मियों द्वारा शासन द्वारा सौंपे गये पदीय कर्तव्यों एवं दायित्वों के निर्वहन में घोर शिथिलता, लापरवाही एवं उदासीनता बरती जा रही थी एवं सफाई कार्य में कोई रूचि नहीं ली जा रही थी।
डीपीआरओ ने सभी 15 सफाईकर्मियों को नोटिस जारी करते हुए कहा है कि नोटिस प्राप्ति के एक सप्ताह के अंदर साक्ष्यों सहित लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें, निर्धारित समयावधि में स्पष्टीकरण प्राप्त न होने एवं संतोषजनक न होने की दशा में सेवा समाप्ति की कार्यवाही कर दी जायेगी, जिसके लिए आप स्वयं जिम्मेदार होंगे।
