जौनपुर /बक्शा। नौपेड़वा बख्शा पुलिस एवं आबकारी टीम ने मंगलवार को बेलापार मार्ग स्थित नहर पर खड़ी शराब भरे दो टैंकर व एक बोलेरो को जब्त कर लिया। दो आरोपी पकड़े गए, जबकि 5 चकमा देकर फरार हो गए। पकड़ी गई शराब की कीमत करीब 20 लाख रूपये बताई जा रही है।
एसओ सुबाष यादव ने बताया कि भोर में सूचना मिली कि नहर पर शराब लादे दो टैंकर व एक बोलेरो से माल उतारा जा रहा है। टीम ने मौके पर पहुंच छापेमारी कर दी। आबकारी टीम को जानकारी हुई तो वे भी आ गई। पुलिस को देख वहां अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान प्रतापगढ़ के आसपुर देवसरा थानांतर्गत हर्रेपट्टी गांव निवासी टैंकर चालक ओमप्रकाश यादव व मछलीशहर थाना के भाऊपुर निवासी बोलेरो चालक राहुल गौड़ को दबोच लिया गया। मुख्य आरोपी सुजानगंज थाना के कल्याणपुर गांव निवासी सुमित उर्फ धर्मेन्द्र यादव, जफराबाद निवासी अंकित कुमार गौड़, सिकरारा थाना क्षेत्र के रीठी गांव निवासी राहूल यादव सहित दो अज्ञात बदमाश भागने में सफल रहे।
पुलिस पूछताछ में टैंकर चालक ओमप्रकाश ने बताया कि दोनों टैंकरों में 25-25 हजार लीटर अल्कोहल लाद कर पठानकोट से उड़ीसा जा रहा था। रास्ते में अन्य पार्टी से बात कर सुनसान स्थान पर टैंकर से कुछ माल निकालकर बेच दिया जाता है। बोलेरो से भी शराब, होलोग्राम व रैपर बरामद हुआ। आबकारी इंस्पेक्टर प्रदीप मिश्र ने बताया कि पूरे टैंकर का वजन कराया गया। बाजार में अल्कोहल की कीमत करीब 20 लाख रुपया आंकी जा रही है।
आरोपी को भगाने में सिपाही का हाथ
मंगलवार को पकड़े गए शराब लदे टैंकर व बोलेरो के सिर्फ दो चालक ही पकड़े गए। सूत्र बताते हैं कि मुख्य आरोपी भी पकड़ा गया था लेकिन एक सिपाही की संलिप्तता के चलते वह भागने में सफल रहा। इस अवैध शराब करोबार में सिपाही की संलिप्तता की हमेशा क्षेत्र में चर्चा हुआ करती है।
रियाजुल हक
केयर आफ मीडिया जौनपुर ब्यूरो रिपोर्ट
