नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर "सोनम गुप्ता बेवफा है" जबरदस्त वायरल हो रहा है। काफी समय से नोटों पर लिखकर इस पोस्ट कर रहे हैं। तस्वीरों के साथ साथ वीडियो भी शेयर हो रही हैं।
इस बीच जयपुर में 'सोनम गुप्ता बेवफा है' के नाम से ही फिल्म बनाई जा रही है। क्रीसेन्ट पिक्चर्स के बैनर तले बनी इस फिल्म का लेखन और निर्देशन मोहसीन खान ने किया है। मोहसीन पहले भी कई शॉर्ट फिल्में बना चुके हैं। इस फिल्म के निर्माण में जयपुर फिल्म फोरम भी सहयोग दे रहा है। वहीं समीर राज एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर के तौर पर शामिल हैं।
इन दिनों सोशल मीडिया के साथ ही हर जगह 'सोनम गुप्ता बेवफा है' के चर्चे चल रहे हैं। इसी को देखते हुए इस विषय पर फिल्म बनाने का मन बनाया गया। फिल्म के ज़रिए खास तौर से युवाओं को एक सन्देश देने की भी कोशिश की गई है।
पत्रिका की रिपोर्ट के मुताबिक मोहसीन ने बताया कि ये एक शार्ट फिल्म है जो बिना किसी डायलॉग्स यानी पूरी तरह से साइलेंट कांसेप्ट पर फिल्माई गई है। 10 रूपए के नोट पर 'सोनम गुप्ता बेवफा है' के मेसेज से शुरू हुए लव स्टोरी का सिलसिला कैसे परवान चढ़ता है, ये सभी काल्पनिक अंदाज़ के जरिए दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
इस शार्ट फिल्म की शूटिंग का पार्ट पूरा हो चुका है, फिलहाल एडिटिंग का काम चल रहा है। फिल्म के शॉट्स जयपुर की ही लोकेशंस पर फिल्माए गए हैं। यहां अलबर्ट हॉल, चौड़ा रास्ता और जेएलएन मार्ग सहित अन्य जगहों पर शूट किया गया है।
फिल्म के विभिन्न किरदारों में लीड रोल पर आकाश शर्मा और दिव्या चौधरी हैं। जबकि जयंत, रूपेंद्र और गोपाल सपोर्टिंग एक्टर्स की भूमिका में नज़र आएंगे। ये सभी युवा एक्टर्स हैं जिनका फिल्म से पहले बाकायदा ऑडिशन्स लेकर चयन हुआ है।
निर्देशक मोहसीन ने बताया कि फिल्म को जल्द ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रिलीज किए जाने की तैयारी है। फिल्म का टीज़र सोशल मीडिया पर जारी कर दया गया है, जिसे देखकर लोगों में इसके रिलीज का इंतजार है।
