मोहम्मद अकील मंसूरी
फर्रुखाबाद। एक और विवाहिता दहेज़ हत्या की बलि चढ़ गई। मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने बहू को जिंदा जलाकर मार डाला।
थाना अमृतपुर के ग्राम परतापुर निवासी प्रदीप यादव की 22 वर्षीय पत्नी तथा जनपद हरदोई थाना लोनार के ग्राम सुहेडी निवासी शीशराम की पुत्री थी।
शिल्पी का 2 वर्ष पूर्व प्रदीप से विवाह हुआ था। शिल्पी आज सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में आग से बुरी तरह झुलस गई। ईएमटी उमेश चंद ने उसे 8:50 बजे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान शिल्पी की 9:40 बजे मौत हो गई। सूचना मिलने पर शीशराम बेटे धीरज, श्री राम आदि परिजनों के साथ लोहिया अस्पताल पहुंचे। उन्होंने प्रदीप पर शिल्पी को जलाकर मार डालने का आरोप लगाकर उसकी पिटाई कर हंगामा मचाया।
गुस्साए मायके वालों ने प्रदीप उसकी मां नन्ही देवी व पिता हरिनंदन को अस्पताल में ही जबरन बैठा लिया। मायके वाले ने आरोप लगाया कि प्रदीप मकान बनाने के लिए 5 लाख रुपए मांग रहा था। रुपए न दे पाने पर उसके परिवार वालों ने शिल्पी को जलाकर मार डाला। दरोगा त्रिभुवन सिंह ने शिल्पी के शव का पंचनामा भरा। बताया गया कि शिल्पी के कोई संतान नहीं है।
