- थाना क्षेत्रों में नहीं बिगड़नी चाहिए कानून व्यवस्था - एसएसपी
सुनील कुमार
एटा- जिला मजिस्ट्रेट अमित किशोर की अध्यक्षता में आज एटा क्लब सभागार में कानून व्यवस्था एवं अभियोजन कार्याें की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में डीएम अमित किशोर ने कहा कि सभी अधिकारी, कर्मचारी प्रातः 9 बजे से 11 बजे तक अपने कार्यालय में बैठकर जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेकर उसका यथासंभव निस्तारण किया जाये। सभी एसडीएम यह सुनिश्चित करे कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण, कब्जा नहीं होना चाहिए, सरकार की मंशानुरूप कार्य करें।
पुलिस एवं अभियोजन तंत्र में आपसी समन्वय कायम रहना चाहिए, तभी हम अधिक से अधिक प्रकरणों का सही रूप से निस्तारण कराकर जनता को लाभ दिला सकते हैं। समन तामीला की प्रापर माॅनीटरिंग हेतु थाना स्तर पर नोडल की तैनाती की जाये, जिससे शमन तामीला वारण्ट आदि की प्रगति में सुधार लाया जा सके।
जिला मजिस्ट्रेट अमित किशोर ने कड़े शब्दों में कहा कि थानों में माल के निस्तारण की प्रगति में सुधार लाया जाये, वाहनो की सूची थानावार बनाकर प्रेषित की जाये। जनपद के सभी थानों पर पेयजल, फर्नीचर आदि समस्त प्रकारकी अवस्थापना सुविधाएं पूर्ण की जाये, जिससे थाने पर आने वाले फरियादियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने कहा कि 122बी की कार्यवाही के तहत प्रगति में सुधार लायें, साथ ही सभी एसओ उक्त प्रकरणों में कार्यशैली सुधारें। अभियोजन तंत्र के अधिवक्ताओं एवं पुलिस में आपसी रिश्ता कायम रहना बहुत जरूरी है तभी हम केसों को निस्तारण शीघ्र से शीघ्र कर सकेंगे।
एसएसपी सत्यार्थ अनिरूद्ध पंकज ने कहा कि सभी थानाध्यक्ष यह सुनिश्चित करे कि किसी भी थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था नहीं बिगड़नी चाहिए, समझौता कतई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। पुलिस टीम द्वारा गंभीरता से कार्य करते हुए निष्पक्ष रूप से कार्यवाही की जाये।
एडीएम प्रशासन सतीश पाल ने कहा कि 107/16, 10बी की कार्यवाही में तेजी लायें, गंभीर संलिप्त लोगों पर गुण्डाएक्ट की कार्यवाही की जाये।
बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व महेश चन्द्र शर्मा, एडीएम प्रशासन सतीश पाल, एएसपी अनूप कुमार, एसडीएम मोहन सिंह, मो0 अवेश, एनपी पाण्डेय, सभी शासकीय अधिवक्ता, सभी सीओ, थानाध्यक्ष आदि मौजूद थे।
