सुनील कुमार
एटा:- सूखा प्रबंधन योजना के तहत आज सूखा राहत नियंत्रण परिषद की बैठक कलक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई। जिसमें गर्मी और संभावित सूखा को लेकर तैयारियों पर मंथन किया गया।
डीएम अमित किशोर ने कहा, सूखे से निपटने के लिए सभी विभाग कार्य योजना प्रस्तुत करें। सभी संबंधित विभाग अपनी जिम्मेदारियों को बखूवी निभाएं, इसमें कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जलेसर क्षेत्र में पानी की समस्या पर विशेष रूप से फोकस करें। उन्होंने बताया, जिला स्तर पर जिलाधिकारी शिविर कार्यालय में सुबह 10 से 5 बजे तक सूखा नियंत्रण कक्ष बनाया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 233301 है।
कलक्ट्रेट पर भी सूखा कंट्रोल रूम की स्थापना की गई, जिसका नंबर 233390 है। इसके अलावा एटा तहसील पर 9411090288, 233314 एवं अलीगंज में 9455362287, 223143,जलेसर में 9454417786, 257227 में भी कंट्रोल रूम में स्थापित किए गए हैं।
डीएम ने कहा, जिले में जो भी हैंडपंप खराब पड़े हैं उन्हें अतिशीघ्र ठीक कराएं। इसके लिए 14वें वित्त के तहत उपलब्ध धनराशि का सदुपयोग करें। संबंधित विभाग तय करे कि विद्युत दोष के कारण कोई भी नलकूप खराब न हो। साथ ही जो भी ट्रांसफारमर खराब पड़े हैं, उन्हें ठीक कराया जाए। सूखा समिति के गठन के अंतर्गत राजकीय व व्यक्तिगत नलकूप, पशु राहत शिविर, चारे की व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, राहत हेतु कल्याणकारी योजनाओं पर भी फोकस किया जा रहा है।
इस दौरान बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व महेश चंद्र शर्मा, एसडीएम मु. अवेश, मोहन सिंह, डीएफओ एसके सक्सेना, सीएमओ डॉ. आरसी पांडेय सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
