नई दिल्ली। सपा में जारी घमासान अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ कि पार्टी को एक और बड़ा झटका लगने के संकेत मिलने लगे हैं।
पार्टी के कद्दावर नेता और नगर विकास मंत्री आजम खां पार्टी से लगातार दूरी सपा से उनकी बढ़ती दूरी के संकेत दे रहे हैं। ख़बर तो यह भी है कि आजम खां उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सपा का दामन भी छोड़ सकते हैं।
बता दें कि सपा के कद्दावर नेता और पार्टी के प्रमुख मुस्लिम चेहरे आजम खां इन दिनों पार्टी से पूरी तरह अलग-थलग पड़ते जा रहे हैं। यही वजह रही कि आजम खां ने पार्टी के सभी बड़े कार्यक्रमों से दूरी बनाकर रखी है। फिर चाहे वो मुख्यमंत्री अखिलेश की विकास यात्रा हो या फिर 25 वर्ष पूरे होने पर मनाई गई रजत जयंती समारोह। आजम खां और अमर सिंह का मनमुटाव जगजाहिर है। सूत्रों की माने तो आजम खां सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह के बढ़ते अमर प्रेम से खासे नाराज हैं। और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी यह दूरी दिखने के पूरे आसार हैं।
चर्चा तो ये भी चल रही है कि आजम खां विधानसभा चुनावों में अकबरुद्दीन ओवैसी से हाथ मिलाकर भाजपा को फायदा पहुंचा सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक आजम खां पार्टी में आशु मलिक के बढ़ते रुतबे से भी काफी विचलित हैं। यही वजह रही कि वो पार्टी से दिन ब दिन दूरियां बढ़ाते जा रहे हैं।
