नई दिल्ली। भोपाल में हुए 8 आतंकवादियों के एनकाउंटर को दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने भी फर्जी बताया है। सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस मार्कण्डेय काटजू ने इससे एक कदम आगे बढ़ते हुए फर्जी एनकाउंटर करने वाले पुलिसवालों को सजा-ए-मौत देने की वकालत की है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्विटर पर कहा, 'यह बहुत गंभीर है। हम सुप्रीम कोर्ट की निगरानी वाली एक जांच की मांग करते हैंं'
पुलिसवालों को सजा-ए-मौत की वकालत
रिहाई मंच और कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह के बाद अब सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस मार्कण्डेय काटजू ने भी भोपाल केन्द्रीय कारागार से कथित तौर पर भागे सिमी के कथित 8 सदस्यों के एन्काउन्टर के फर्जी होने का सन्देह व्यक्त किया है।
जस्टिस काटजू ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर लिखा-
जहाँ तक मुझे जानकारी प्राप्त हुई है, कथित एन्काउंटर फेक है। जो भी इसके लिए जिम्मेदार हैं, ना केवल वो जिन्होंने इसे अंजाम दिया, बल्कि आदेश देने वाले वरिष्ठ अधिकारियों और नेताओं को भी मौत की सजा दी जानी चाहिए। उन्होंने प्रकाश कदम बनाम रामप्रसाद विश्वनाथ गुप्ता केस का हवाला भी दिया।
