यूपी विधानसभा में विशेषाधिकार हनन मामले में दोषी छह पुलिसकर्मियों को विधानसभा ने एक दिन के (शुक्रवार रात 12 बजे तक) कारावास की सजा सुनाई है। इन्हें दिन की तारीख बदलने तक विधानसभा के अंदर ही बने लॉकअप में रहना होगा। इन पुलिसवालों को विधानसभा की विशेषाधिकार हनन समिति ने सर्वसम्मति से दोषी ठहरा दिया था। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सदन में सुनवाई के बाद फैसला सुनाते हुए कहा कि लॉकअप में रहने के दौरान पुलिसवालों का कोई उत्पीड़न नहीं होगा। उन्हें लॉकअप में भोजन, पानी इत्यादि की सुविधा दी जाएगी।जिन पुलिसअधिकारियों को सजा सुनाई गई है उनमें तत्कालीन क्षेत्राधिकारी बाबूपुरवा अब्दुल समद, तत्कालीन किदवई नगर थानाध्यक्ष ऋषिकांत शुक्ला, एसआई थाना कोतवाली कानपुर नगर त्रिलोकी सिंह, किदवई नगर थाने के सिपाही छोटे सिंह यादव, काकादेव थाने के सिपाही विनोद मिश्र और काकादेव थाने के सिपाही मेहरबान सिंह यादव शामिल हैं।