सुनील कुमार
एटा- जिले में चल रहे नगरीय निकायों की निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण कार्यक्रम की पोल खुल गई। एसडीएम अलीगंज के निरीक्षण में बूथों से बीएलओ गायब मिले। जिस पर उन्होंने एक-एक बीएलओ को व्यक्तिगत फोन कर कड़ी फटकार लगाई । सभी बीएलओ नगर पंचायत कार्यलय पर तलब किये हैं । एसडीएम की सख्ती से कर्मियों में हड़कम्प मच गया है ।
आयोग के निर्देश पर निकाय चुनाव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं । आयोग ने निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग के कार्यक्रमानुसार वोटर सूची में मतदातओं के नाम घटाने-बढ़ाने का कार्य 9 मई से शुरू हो गया है। यह अभियान 15 मई तक चलेगा। आयोग के तय कार्यक्रम से अभियान विलंब से शुरू हुआ है। सभी बीएलओ को मंगलवार तक मतदाता सूची प्राप्त नहीं हुई ।
बुधवार को जैथरा नगर पंचायत में बीएलओ की लापरवाही देखने को मिली। एसडीएम अलीगंज मोहन सिंह के निरीक्षण में नगर के 5 मतदेय स्थलों के 12 बूथों पर कोई भी बीएलओ मौजूद नहीं मिले। बीएलओ की लापरवाही पर एसडीएम का पारा चढ़ गया। उन्होंने सभी बीएलओ को व्यक्तिगत फोन कर नगर पंचायत कार्यालय पर तलब कर लिया । एसडीएम ने सभी बीएलओ को बीआरसी से मतदाता सूची प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसडीएम ने कहा कि फर्जी वोटों को काटा जाए और पात्रों के वोट बढ़ाये जाएं । उन्होंने सभी बीएलओ से कहा कि घर-घर जाकर वोट बढ़ाने व घटाने का काम किया जाए। एसडीएम की सख्ती से बीएलओ में हड़कम्प मच गया है ।
इस अवसर पर नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि बिजेंद्र सिंह चौहान,वरिष्ठ लिपिक प्रहलाद सिंह, उरजेश यादव आदि कर्मी मौजूद रहे।
