अमर जीत यादव
बस्ती: सोशल मीडिया पर चल रही खबर को संज्ञान में लेते हुए डीएसओ पूरन सिंह चौहान ने पूर्ति निरीक्षक कुदरहा पर कार्रवाई करते हुए उन्हे अपने कार्यालय से संबद्ध कर दिया है। इतना ही नहीं उनके विरुद्ध विभागीय जांच के लिए आयुक्त खाद्य एवं रसद को भी पत्र लिखा है।
सदर तहसील क्षेत्र में कुदरहा ब्लाक के पूर्ति निरीक्षक दीनानाथ गुप्ता पर रिश्वत लेने के आरोप की खबर सोशल मीडिया पर सोमवार को वायरल हुई तो खाद्य विभाग में हड़कंप मच गया। तहसील स्थित विभागीय कार्यालय में बैठकर कोटेदार से वसूली करने की खबर कई वाट्स एप ग्रुप पर चलती देख डीएसओ ने इसे गंभीरता से लिया।
उन्होने सबसे पहले पूर्ति निरीक्षक को कुदरहा क्षेत्र से हटाने के साथ ही उन्हे अपने कार्यालय से संबद्ध कर दिया। इसके बाद तत्काल मामले की सूचना डीएम और उपायुक्त खाद्य एवं रसद राजन गोयल को दी। डीएम के निर्देश पर डीएसओ ने आरोपी पूर्ति निरीक्षक के विरुद्ध विभागीय जांच के लिए आयुक्त खाद्य एवं रसद को सूचना दी। बताया कि प्रथम दृष्टया पूर्ति निरीक्षक दोषी पाए गए हैं। ऐसे में उनके स्तर से जो कार्यवाही होनी थी वह कर दी गई। विभागीय जांच में दोषी मिले तो आयुक्त के स्तर से उन पर कार्रवाई की जाएगी।
Tags:
Uttar pradesh
