पटना पुलिस की एक बार फिर शर्मनाक करतूत सामने आयी है. गर्भवती बहन को न्याय दिलाने थाने पहुंचे भागलपुर इंजीनियरिंग के छात्र गुड्डू की थाने में ही जमकर पिटाई कर दी. इतना ही नहीं पीड़ित छात्र की मां को भी पुलिसवालों ने भद्दी भद्दी गालियां दी.
पिटाई इतनी बर्बरता से की गयी कि छात्र के कपड़े तक फट गये.घटना पाटलिपुत्र थाने की है. गुड्डू के बहनोई ने उसकी बहन की जमकर पिटाई की. बहन जब पाटलिपुत्र थाना पहुंची तब पुलिसकर्मियों ने उसकी फरियाद अनसुनी कर दी.
भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र गुड्डू ने पुलिसकर्मियों से कार्रवाई नहीं करने के बाबत चीख चीखकर पूछा तब पाटलिपुत्र थाना के पुलिसकर्मी अपना आपा खो बैठे और इस विकलांग छात्र की जमकर पिटाई कर दी.
पीपुल्स फ्रेंडली कही जानेवाली बिहार पुलिस की यह तस्वीर हकीकत बयां करने के लिए काफी है. फिलहाल इस मामले में पुलिस के आलाधिकारियों ने चु्प्पी साथ ली है. थक हारकर गुड्डू और उसका परिवार महिला थाना पहुंचा जहां बहन के ससुरालवालों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करायी गयी है.
Tags:
Bihar
