बदायूं-एक प्रेमी जोड़े को प्रेम करने की इतनी बड़ी सजा ,कुल्हाड़ी से काटकर मार डाला

बदायूं (यूपी). यहां एक प्रेमी जोड़े की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई। ग्रामीणों के मुताबिक, लड़की के परिजनों ने लड़के को शादी की बात करने के लिए बुलाया था। घर पहुंचते ही उसकी कुल्हाड़ी से काटकर और पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। इस दौरान जब लड़की प्रेमी को बचाने आई तो उसे भी मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद लड़की के परिजन फरार हैं।
 यह मामला बदायूं के वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव उरैना का है। यहां की रहने वाली आशा और गोविंदा के बीच प्यार परवान चढ़ा तो युवती के परिजनों ने घर से बाहर निकलने पर बंदिश लगा दी। दोनों प्रेमी-प्रेमिका एक ही जाति के थे, इस लिए लड़की के परिजनों को इस रिश्ते से एतराज था। 
- इसके बाद करीब दो महीने पहले प्रेमी युगल मौका पाकर फरार हो गया था। 
- प्रेमी युगल के फरार होने के बाद गांव में पंचायत बैठी, जिसमें दोनों ही परिवारों की रजामंदी से आशा और गोविंदा की शादी कराने का फैसला लिया गया। शादी की तारीख 21 मई तय कर दी गई थी। 
- गोविंदा दिल्ली में रहकर नौकरी करता था। कुछ दिनों पहले गोविंदा को युवती के परिजनों ने शादी की तैयारियों के बारे में बातचीत करने के लिए घर बुलाया था। 
- इसके बाद गोविंदा दिल्ली से रविवार को आशा के घर पहुंचा। गोविंदा के आशा के घर पहुंचते ही युवती के परिजनों ने उसपर हमला कर दिया। परिजनों ने कुल्हाड़ी और पत्थर से कुचलकर गोविंदा की हत्या कर दी।  
- इस दौरान जब आशा अपने प्रेमी को बचाने आई तो उसके परिजनों ने उस पर भी कुल्हाड़ी से वार कर दिया और उसे भी मौत के घाट उतार दिया। 
 
शवों को ठिकाने लगाने जा रहे थे लड़की के परिजन
- वारदात को अंजाम देने के बाद लड़की के परिजन दोनों के शवों को ठिकाने लगाने के लिए जा रहे थे। लेकिन तभी गांव वालों ने उन्हें देख लिया। इसके बाद युवती के परिजन दोनों के शवों को छोड़कर फरार हो गए। 
- इसके बाद गांव वालों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। 
- गोविंदा के परिजनों की तहरीर पर 4 लोगों को नामजद किया गया है और दो अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। 
 
क्या है एसपी का कहना? 
- इस मामले पर एसपी देहात संजय राय ने कहा- पहली नजर में ये मामला ऑनर किलिंग का लगता है। हत्यारोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
Previous Post Next Post