सुनील कुमार
एटा - पीड़ित किसान पर अफसरों की संवेदनहीनता भारी पड़ रही है | अफसरों के ड्योढ़ी पर दस्तक दे रहे किसान को पांच माह बाद भी न्याय की दरकार है | अफसरों ने किसान के साथ अमानवीयता करने की जांच आरोपी मैनेजर को ही सौंप दी |
मैनेजर ने भी मौके का फायदा उठाया और अपनी जांच स्वयं कर क्लीन चिट भी खुद भी प्राप्त कर ली | बैंक अफसरों से लेकर जिला प्रशासन ने जांच रिपोर्ट को स्वीकार कर शिकायत का निस्तारण कर दिया | अफसरों की संवेदनहीनता के कारण पीड़ित किसान का परिवार घोर आर्थिक संकट से जूझ रहा है | कर्ज में उसकी जिंदगी कट रही | अफसरों ने अभी तक उसकी कोई सुध नहीं ली है |
जैथरा क्षेत्र के ग्राम रैद निवासी किसान रामवीर 27 दिसम्बर, 2016 को जैथरा की भारतीय स्टेट बैंक में धन निकासी को गए थे । आरोप है कि बैंक मैनेजर व गार्ड ने मिलकर रामवीर की गिरेबान पकड़कर जूतों से पिटाई लगा दी थी । बैंक मैनेजर ने किसान की पासबुक भी छीन ली थी, जिसमें एक पासबुक ग्रामीण बैंक भी थी । साक्ष्य के रूप में पासबुक आज भी मैनेजर के पास ही हैं । सरेआम आम जनता के सामने हुई बेइज्जती से किसान टूट गया ।
उसने इस घटनाक्रम की शिकायत बैंक के उच्चाधिकारियों से की । बैंक अफसरों के दर से कोई न्याय न मिलने पर पीड़ित किसान ने 22 मार्च को मामले की शिकायत तत्कालीन जिलाधिकारी विजय किरण आनंद से की | मामले पर गंभीर जिलाधिकारी ने लीड बैंक मैनेजर को कार्यवाही के आदेश दिए | भारतीय स्टेट बैंक शाखा से प्रकरण जुड़ा होने के कारण लीड बैंक मैनेजर ने मामला सहायक प्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक, आगरा को भेज दिया | लीड बैंक मैनेजर ने सहायक प्रबंधक से तीन दिवस में कार्यवाही की अपेक्षा की | बैंक अफसरों ने जांच के नियमों को ताक पर रखते हुए प्रकरण की जांच आरोपी शाखा प्रबंधक को सौंप दीं | शाखा प्रबंधक ने भी मौक़ा नहीं चूका और उसने बैंक अफसरों के सहयोग का फायदा उठाते हुए खुद के दामन पर लगे दागों को खुद ही धो लिया |
मैनेजर ने अपनी जांच स्वयं सम्पादित कर खुद ही क्लीन चिट प्राप्त कर ली | शाखा प्रबंधक ने खुद जांच रिपोर्ट तैयार कर 5 अप्रैल को लीड बैंक मैनेजर एटा को भेज दी | लीड बैंक मैनेजर ने भी संवेदनहीनता की हद पार करते हुए बैंक मैनेजर की जांच स्वीकार करते हुए 12 अप्रेल को शिकायत निस्तारण की रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रेषित कर दी | जिलाधिकारी कार्यालय में भी हद दर्जे की लापरवाही बरती गई | आरोपी बैंक मैनेजर की जांच रिपोर्ट पर किसान की शिकायत का निस्तारण कर दिया गया | पीड़ित किसान को शिकायत निस्तारण की जानकारी लीड बैंक मैनेजर से प्राप्त पत्र के माध्यम से हुई | आरोपी शाखा प्रबंधक की जांच शाखा प्रबंधक से ही कराने पर किसान भौचक्क रह गया | अफसरों की संवेदनहीनता से किसान पूरी तरह टूट गया है | पिछले 5 माह से पीड़ित किसान घोर आर्थिक संकट से गुजर रहा है | बैंक मैनेजर द्वारा पासबुक छीन लिए जाने कारण पीड़ित किसान अपने खाते से रूपये भी नहीं निकाल पा रहा है | मैनेजर व गार्ड द्वारा घटित की गई अमानवीय घटना के बाद से पीड़ित किसान खौफजदां है और अफसर बेफिक्र हैं | पीड़ित किसान व उसका परिवार कर्ज में डूब गया है |
