बरेली. यूपी के बरेली में आईजी जोन के पास पहुंची एक लड़की ने बदायूं के एसओ एसपी उपाध्याय पर आपत्तिजनक मैसेज भेजने का आरोप लगाया है। विक्टिम ने बताया कि एसओ वॉट्सऐप पर रोज मैसेज करता है और मिलने के लिए दबाव बना रहा है। इस पर आईजी जोन ने एसओ को लाइन हाजिर कर मामले की जांच के आदेश दिए हैं। मैसेज कर एसओ ने कहा- आप मिलने नहीं आईं, मैं वेट कर रहा था...
- मामला यूपी के बरेली में बिसौली इलाके का है। यहां प्रधान की बेटी ने बताया, ''5 फरवरी को मेरे पिता घर के सामने पड़ी खाली जमीन को एक फंक्शन के लिए साफ करा रहे थे। विरोध करते हुए दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट की। मामले की जानकारी डायल 100 को दी गई, जिस पर पुलिस सफाई करने वाले लोगों को ही थाने ले गई। इसके बाद मेरे पिता थाने में पहुंचे और हिरासत में लिए गए शख्स को छोड़ने की मांग की, लेकिन एसओ नहीं माने। इसके बाद मैंने फोन किया और एसओ को बताया कि घर में शादी है, जिसके बाद उसने हिरासत में लिए गए शख्स को छोड़ दिया।''
वॉट्सऐप पर किया ब्लॉक तो पिता को लॉकअप में डाला
- विक्टिम ने बताया, ''इसके बाद एसओ मुझे रोज वॉट्सऐप पर मैसेज कर मिलने के लिए कहने लगा। इस पर मैंने उसे ब्लॉक कर दिया, जिसके बाद 27 मार्च को विरोधी नन्हे हथियारों के साथ आया और पिता को मारने की धमकी देने लगा। 100 नंबर पर फोन करने पर घर आई पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। बाद में एसओ और मुंशी ने पिता को लॉकअप में डाल दिया।"
- इसके बाद विक्टिम ने बदायूं के एसएसपी को फोन कर मामले की जानकारी दी। पुलिस ने अगले दिन पिता का चालान कर दिया। परेशान होकर लड़की ने शुक्रवार को आईजी जोन से शिकायत की। एसओ के मैसेज देख आईजी जोन विजय प्रकाश ने उसे तत्काल लाइन हाजिर करने के आदेश दे दिए।
ये हैं वॉट्सऐप पर भेजे गए मैसेज
एसओ- आप मिलने नहीं आईं, मैं तो आपका वेट कर रहा था। आई मिस यू।
पीड़िता- आपको शर्म नहीं आती, आप मेरे पापा की एज के हैं ऐसी बातें करते हुए।
एसओ- आप तो गुस्सा कर रही हैं, हमें भी अपने साथ चाय पीने का मौका दीजिए।