जौनपुर मे पति के सामने दरिंदों ने किया पत्नी से गैंगरेप



  • पति को असलहा सटाकर आरोपियों ने दिया घटना को अंजाम, मचा हड़कम्प
  • पीड़िता की तहरीर पर पुलिस नामजद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुटी
  • भदोही जनपद के रहने वाले हैं पीड़ित, दर्शन पूजन कर लौट रहे थे घर

रियाजुल हक
जौनपुर। दर्शन कर अपने पति के साथ लौट रही पत्नी को सुनसान स्थान देख सफेद रंग की चार पहिया वाहन सवार लोगों ने पति को असलहा सटाकर आतंकित कर महिला को सीवान में ले जाकर सामूहिक दुराचार किया। शोर गुल सुनकर मौके पर इकट्ठा होते लोगों को देख सभी आरोपी मौके से फरार हो गये। मौके पर एकत्रित लोगों ने 100 नंबर पर सूचना दी। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।
बताते हैं कि भदोही थाना क्षेत्र के परगासपुर गांव निवासी अधेड़ अपने पति के साथ गुरूवार को दोपहर कपसेठी थाना क्षेत्र के एक चर्चित देव स्थान मां भद्र काली का दर्शन व पूजन करने गई थी। दर्शन कर लौटते समय दोपहर लगभग तीन बजे तेज धूप से परेशान पति-पत्नी सुरेरी थाना क्षेत्र के कोचारी गांव के समीप एक सुनसान जगह पर एक पेड़ के नीचे रुककर आराम करने लगे। इसी बीच एक सफेद रंग की चार पहिया वाहन से सवार चार की संख्या में पहुंचे लोगों ने पति को असलहा सटाकर पत्नी को एक सुनसान जगह पर ले जाकर दो लोगों ने दुराचार किया। पति-पत्नी दोनों चीखते रहे लेकिन आरोपी एक के बाद एक महिला के साथ दुराचार किये। शोर शराबा सुन दर्शनकर लौट रहे लोग जब वहां एकत्रित होने लगे तो समय की नजाकत को देखते हुए सभी आरोपी वहां से फरार हो गए। मौके पर एकत्रित लोगों द्वारा घटना की जानकारी 100 नंबर को दी गई और एकत्रित लोगों द्वारा आरोपी युवकों की पहचान रौनक सिंह पुत्र अजय सिंह, विजय सिंह पुत्र छत्रधारी सिंह निवासी विराव थाना बड़ागांव के रूप में हुई।
मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने पीडि़त महिला को अपने साथ सुरेरी थाने पर लायी जहां पीडि़त महिला ने दर्शन कर लौट रहे घटना स्थल पर एकत्रित लोगों द्वारा पहचान किये गये दो नामजद व दो अज्ञात लोगों के खिलाफ सुरेरी थाने पर तहरीर दी। वहीं स्थानीय पुलिस पीडि़त महिला को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेज कर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। इस सन्दर्भ में थानाध्यक्ष सुरेरी अशोक कुमार ने बताया कि पीडि़त महिला द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।

Previous Post Next Post