रेल हादसा: शादी के लिए इंदौर से निकली दुल्हन खोज रही अपनों को


इंदौर। कानपुर के पास स्थि‍त पुखराया में इंदौर-पटना एक्सप्रेस के हादसे में मरने वालों की संख्या 100 तक पहुंच गई है और इसके बढ़ने की भी आशंका है। इस बीच जिन लोगों ने अपनों को खो दिया वो और जिनके अपने अभी लापता है वो बदहवासों की तरह उन्हें खोज रहे है।

एक अंग्रेजी अखबार के मुताबिक ऐसे ही लोगों में 20 वर्षीय रूबी गुप्ता भी है जो अपनी शादी के लिए इंदौर से निकली थी लेकिन अपनी मंजिल तक पहुंचने के पहले ही यह हादसा हो गया। रूबी ने अपने पिता को तलाश रही है लेकिन अभी तक उसकी तलाश पूरी नहीं हुई है। रूबी खुद बुरी तरह से घायल है और उसके शरीर पर चोटों के कई निशान है। वह इंदौर से आजमगढ़ के लिए निकली थी।
उसके साथ उसकी दो छोटी बहिनें और एक भाई भी है। लेकिन हादसे के बाद से उसके पिता को नहीं देखा गया है और पूरा परिवार उन्हीं को खोजने में लगा हुआ है। रूबी ने बताया कि वह अपने पिता को हर जगह खोज चुकी है लेकिन अभी तक उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। उसने बताया लोग मुझे अस्पताल और मुर्दाघर में उन्हें खोजने की सलाह दे रहे हैं लेकिन मैं समझ नहीं पा रही कि अब क्या करूं। मेरी शादी है और मैं नहीं जानती अब क्या होगा। मैं बस अपने पिता को खोजना चाहती हूं। इसके साथ ही उसने बताया कि वह कपड़े और गहने लेकर चली थी वह भी खो चुके हैं। इस मामले में अभी रूबी ने कोई भी शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post