नॉएडा। एक कैब चालक पर नोटबंदी का इतना असर पड़ा कि उसके घर में लड़ाई होने लगी। कार मालिक सैलरी नहीं दे रहा था और घर चलाना मुश्किल हो गया था। तंग आकर चालक ने कार सूरजपुर कोतवाली में खड़ी कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के इंदिरापुरम निवासी एक व्यक्ति ने कैब प्रोवाइड कराने वाली कंपनी में अपनी कार किराए पर लगाई है। इस कार को खुर्जा निवासी डिम्पल चलाता है। डिम्पल का कहना है कि वह 6 महीने से यह काम कर रहा है। उसे कभी पूरी सैलरी नहीं दी गई। नोटबंदी के बाद जब उसने कार मालिक से घर के खर्चे के लिए सैलरी मांगी तो उसने इनकार कर दिया। घर में पैसा न होने के कारण उसका पत्नी से विवाद होने लगा। परेशान होकर उसने 4 दिन पहले कार को सूरजपुर कोतवाली में खड़ा कर दिया। वहीं, कार मालिक ने चालक के खिलाफ इंदिरापुरम थाने में चोरी की शिकायत कर दी। शनिवार को दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था। सूरजपुर कोतवाली के इंचार्ज अनुज कुमार ने बताया कि कार मालिक ने बकाया सैलरी का चेक दे दिया है। दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।
आए थे बैंक में नोट बदलवाने चोर ले गए बाइक
सेक्टर-27 में एटीएम से रुपये निकालने आए एक युवक की बाइक चोरी हो गई। पीड़ित ने सेक्टर-20 पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट दर्ज कराई है। बदरपुर (दिल्ली) के रहने वाले जसवंत सिंह सेक्टर-11 के एक बाइक शोरूम में काम करते हैं। गुरुवार को वह पड़ोसी जहांगीर आलम की बाइक लेकर यहां आए थे। घर जाते समय सेक्टर-27 के एक बैंक के एटीएम से पैसा निकालने रुके और यहीं से बाइक चोरी हो गई।
