नई दिल्ली। केंद्र सरकार द्वारा 500, 1000 रुपए के नोट बंद किए जाने के बाद से बैंकों व एटीएम के बाहर लंबी कतार लगी हुई है। शादियों के लिए कार्ड दिखाने पर ढ़ाई लाख रुपए तक बैंक से निकाले जा सकते हैं। इससे शादी वाले घरों में थोड़ी राहत है, मगर लाइन से आजादी नहीं मिली है। ऐसे में मध्य प्रदेश में एक दुल्हन ने रुपए निकालने के लिए अनोखा तरीका निकाला।
मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के पानसेमल में शादी का जोड़ा पहनकर नोट बदलवाने के लिए आरती बैंक पहुंच गई। आरती अपने भाई के साथ बैंक पहुंची थी और उन्होंने 1 लाख 74 हजार रुपए निकाले। जनसत्ता की रिपोर्ट के अनुसार दुल्हन की ड्रेस में आरती जब बैंक पहुंची तो स्टाफ और वहां मौजूद लोग दंग रह गए। बैंक कर्मचारियों ने आरती का सहयाेग करते हुए उनका भुगतान जल्दी कर दिया।
