इंदौर। स्पीड पोस्ट, एक्सप्रेस पार्सल और रजिस्ट्री उपभोक्ता तक पहुंचाते ही अब पोस्टमैन वेबसाइट पर तुरंत डिलिवरी टाइमिंग अपडेट करेंगे। डाक विभाग ने इस काम के लिए पोस्टमैन मोबाइल एप लॉन्च कर दिया है। सोमवार से इंदौर शहर के पोस्टमैन इसका इस्तेमाल शुरू कर देंगे। इसकी बाकायदा इन लोगों को ट्रेनिंग भी दी गई है।
दो दिन पहले पोस्ट मास्टर जनरल राकेश कुमार और निदेशक प्रीति अग्रवाल ने शहरभर के 200 से ज्यादा पोस्ट मैन को स्मार्टफोन दिए। यह कार्यक्रम डाक कुंज सभागृह में हुआ। मौजूदा व्यवस्था के मुताबिक अभी पोस्ट मैन को डाक देने के बाद टाइमिंग की जानकारी कार्यालय आकर देना पड़ती है। इसके चलते वेबसाइट पर डिलिवरी टाइमिंग को अपलोड करने में चार से पांच घंटे लगते हैं।
निदेशक प्रीति अग्रवाल ने बताया कि विभाग अपनी सेवाओं में निरंतर विस्तार करने में लगा है। मई के पहले सप्ताह से शहर की डाक को उसी दिन पहुंचाया जा रहा है, जबकि भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर की डाक 24 घंटे में भेजने की व्यवस्था की गई है।