शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश में जब दबंगई की बात आती है तो समाजवादी पार्टी का नाम सबसे पहले आता है। लेकिन सत्ता का नशा सभी पार्टी के नेताओ को चढ़ जाता है।
ऐसा ही दबंगई का नशा शाहजहांपुर में विधायक के बेटे के सिर चढ़कर बोल रहा है। यहां तक कि खुद पुलिसवाले भी इसकी दबंगई से इतने भयभीत हैं कि उन्होंने एसपी से अपने सामूहिक तबादले की गुहार लगाई है।
विधायक रोशन लाल वर्मा के बेटों की दबंगई से तंग आकर थाने के एसओ से लेकर सिपाहियों ने एसपी से तबादले के मांग कर दी है।
वहीं, तबादले की गुहार लगाने वाले एसओ अवनीश यादव ने बताया कि बीती रात उनके फोन पर विधायक रोशन लाल वर्मा के फोन नंबर से कॉल आई। उनके गनर ने फोन पर कहा कि विधायक जी कहे रहे हैं कि उनके पेट्रोल पंप पर कुछ लड़के विवाद कर रहे हैं। उसके बाद जब वह पेट्रोल पंप पहुंचे, तो विधायक का बेटा सचिन 15 से 20 लोगों के साथ वहां आ गया।
इसके बाद सचिन ने आते ही युवक को पीटना शुरू कर दिया। उसके बाद जबरन उस युवक को अपनी गाड़ी मे डालकर कहीं ले गया। जबकि उन्होंने उस युवक को विधायक के बेटे के चंगुल से छुड़ाने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। कुछ देर बाद विधायक के बेटे का फोन आया कि ये मेरे परिवार का लड़का है और मेरा कोई विवाद नहीं है।
इस घटना के बाद एसओ ने थाने पहुंचकर पूरे थाने के स्टाफ के साथ एसपी को एक पत्र लिखकर सामूहिक तबादले की गुहार लगाई है। एसओ का कहना है कि इस मामले मे जब आलाधिकारी पूछेंगे तो उनको बता दिया जाएगा। वहीं मामला सत्ता पक्ष के विधायक से जुड़ा होने के कारण पुलिस के आलाधिकारी इस मामले मे कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं।
Tags:
Uttar pradesh
