बंदियों के बीच फर्श पर रातभर करवटें बदलते रहे गायत्री प्रसाद


लखनऊ । सत्ता में रहने के दौरान सात सितारा होटल से लेकर वीवीआइपी गेस्ट हाउस के बेड पर आराम फरमाने वाले निवर्तमान मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति को रात साधारण बंदियों के बीच फर्श पर गुजारनी पड़ी। अर्श से फर्श पर आए गायत्री रातभर करवटें बदलते रहे।

इस बीच माथे पर पसीना बढऩे का हवाला देकर जेल अधिकारियों से घबराहट होने की शिकायत भी की। दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार निवर्तमान मंत्री गायत्री प्रजापति को दोपहर जेल पहुंचने के बाद काफी दिक्कतें हुईं। गायत्री की सामान्य बंदियों की तरह तलाशी लिए जाने के बाद मुलाहिजा बैरक में ले जाया गया था। गायत्री को ऐसी बैरक में रखा गया है, जहां आसपास सीसीटीवी कैमरों की पूरी निगरानी है।
इन बैरकों में करीब 250 बंदी बंद हैं। कारागार पहुंचने के बाद अपने साथ हुए बर्ताव से गायत्री बेहद परेशान दिखे। बताया गया कि उनका ब्लड प्रेशर बढ़ गया था। माथे से पसीना बह रहा था। जेल की मुलाहिजा बैरक में अन्य बंदियों के बीच गायत्री कांपते रहे।
जागरण की रिपोर्ट के अनुसार गायत्री प्रसाद प्रजापति ने गुरुवार दोपहर जेल में उरद की दाल, रोटी व आलू-बैगन की सब्जी खाई। इससे पूर्व उन्होंने बुधवार रात भोजन करने से मना कर दिया था। गुरुवार सुबह नाश्ता भी नहीं किया। इससे पूर्व बुधवार शाम गायत्री से जेल मिलने पहुंचे एक एमएलसी व कुछ समर्थकों ने घर से लाया कंबल व तकिया भीतर भिजवाने का प्रयास किया, लेकिन जेल प्रशासन के आगे उनकी एक न चली। गायत्री के लिए घर से आया खाने का सामान तक जेल के अंदर नहीं जा सका।
Previous Post Next Post