उत्तर पुस्तिका में लिखा- मेरी शादी टूट जाएगी, प्लीज मुझे पास कर दें


रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की दसवीं-बारहवीं की उत्तर पुस्तिकाओं में लिखी अटपटी बातों से मूल्यांकनकर्ता दंग हैं। बारहवीं की एक छात्रा ने लिखा है, मेरी इमेज का सवाल है, फेल हो गई तो शादी टूट जाएगी, प्लीज सर पास कर दीजिए। एक बारहवीं की छात्रा ने लिखा है कि प्लीज सर … मेरी ईमेज का सवाल है।

फेल हो गई तो शादी टूट जाएगी। मुझे पास कर दीजिए। दूसरी लड़की ने लिखा है-जब परीक्षा हो रही थी तब मेरी मां का देहांत हो गया… पढ़ाई नहीं कर पाई, प्लीज पास कर दीजिए। कॉपियों में कार्टून बनाकर विनम्र अनुरोध कर मूल्यांकनकर्ताओं को लुभाने का प्रयास किया गया है।

एक मूल्यांकनकर्ता ने नाम न छापने की शर्त पर ये जानकारी दी। इस पर माशिमं के अफसर भी कुछ नहीं बोल रहे हैं। उनका कहना है कि बच्चों को कॉपियों में ऐसी बातें नहीं लिखनी चाहिए।

हर सवाल के जवाब में परिवार से जुड़ा मुद्दा : बारहवीं के एक विद्यार्थी ने अपनी उत्तर-पुस्तिका में 19 सवालों का जवाब अपने परिवार से जोड़कर दिया है। उसने सवाल नंबर एक में उत्तर में अपना नाम, सवाल नंबर दो में अपने पापा का नाम, सवाल नंबर तीन के उत्तर में अपनी मम्मी का नाम और सवाल नंबर चार में अपने बाबा के देहांत होने की तारीख डाल दी है।

ऐसे बच्चों को क्या मानवता के नाते नंबर दिया जाए, इसे लेकर मूल्यांकनकर्ता असमंजस में हैं। गौरतलब है कि प्रदेशभर में 29 मूल्यांकन केंद्रों में 1900 मूल्यांकनकर्ता दसवीं-बारहवीं की कॉपियां जांच रहे हैं। इस साल 10वीं में 4 लाख 566 और 12वीं की परीक्षा में 2 लाख 59 हजार 966 परीक्षार्थी शामिल हुए हैं।
Previous Post Next Post