नई दिल्ली। नोटबंदी को लेकर पिछले कई दिनों से विपक्ष केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोल रहा है। संसद के शीतकालीन सत्र का एक भी दिन सुचारू रूप से अभी तक नहीं चल सका है।
नोटबंदी पर बहस के दौरान विपक्ष सदन में पीएम मोदी के आने की लगातार मांग कर रहा है। जिसको लेकर संसद के दोनों सदनों में लगातार हंगामा जारी है और कोई भी कार्रवाई नहीं हो पा रही है। लेकिन इन सब के बीच केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियों ने पीएम के समर्थन में अलग ही तरह बयान दिया है।
पीएम को बताया डैडी
बाबुल सुप्रियो ने कहा कि जब बच्चे ही इनका जवाब दे सकते हैं तो डैडी को आने की क्या जरूरत है। बाबुल सुप्रियों ने चुटकीले अंदाज में विपक्ष की पीएम को सदन में आने की मांग का जवाब दिया।
विपक्ष कर रहा है पीएम के संसद में आने की मांग
आपको बता दें कि बसपा सुप्रीमो मायावती, सीताराम येचुरी, कांग्रेस सहित तमाम दलों के नेता नोटबंदी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सदन में आने की मांग कर रहे हैं, लेकिन पीएम के सदन में नहीं आने की वजह से सदन की कार्रवाई नहीं चल पा रही है।
राहुल ने भी बोला पीएम पर हमला
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने पीएम पर करारा हमला बोलते हुए कहा है कि पीएम रॉक कंसर्ट में बोल सकते हैं लेकिन सदन में नहीं क्यो नहीं बोल सकते हैं। बहरहाल विपक्ष के लगातार आक्रामक रुख को देखते हुए यह कहना मुश्किल है कि सदन की कार्रवाई फिर से कब सुचारू रुप से शुरु होगी।
