अमन पठान
यूपी के मुखिया अखिलेश यादव कल मलावन में एक जनसभा को संबोधित करने आ रहे हैं। अखिलेश जी आइये आपका एटा आगमन पर आपका हार्दिक स्वागत है। आपसे गुजारिश है कि आप लखनऊ से एटा आएं तो बाया कानपुर होकर मलावन की सरजमीं पर पधारें। आपने पांच सालों में कितना जनता के लिए कितना काम किया है और आपका काम बोलता है कि सारी हकीकत आपके सामने आ जायेगी।
टीवी चालू करके कोई भी चैनल देखो तो सपा सरकार के विज्ञापन दिखाई देते हैं। अख़बार के पन्ने पलटकर देखो तो भी अखिलेश सरकार के इस्तिहार ही बोल रहे हैं कि काम बोलता है? हाल ही में मैनपुरी में एक महिला को बेरहमी से पीटा गया। अख़लाक़ की पीट पीटकर हत्या कर दी गई। आपकी सरकार के कार्यकाल में तमाम दंगे हुए। मथुरा का जवाहरबाग कांड और आपको बुलंदशहर रेपकांड तो याद ही होगा और हाँ शाहजहांपुर में पत्रकार जोगेंद्र सिंह के जिंदा जलाए जाने के मामले ने आपकी सरकार की खूब किरकिरी कराई थी। चोरी, लूट, अपहरण, हत्या, बलात्कार और दबंगई आपके कार्यकाल में चरम पर है। आपकी सरकार का काम बोलता नही अपराध बोलता है?
अखिलेश जी अखबारों और टीवी चैनलों के 'काम बोलता है' के गीत गाने से जनता मंत्रमुग्ध नही होगी। सवाल तो ये भी है कि आप अपने बेरोजगारी भत्ता और युवाओं को नौकरी देने के वादे से मुकर गए। एटा जिले ने चारों की चार सीट सपा की झोली में डाल दीं, लेकिन आपने एटा की जनता को दिया वादों का झुनझुना और एटा की जनता से कहा कि इसे बजाते रहना। शायद अखिलेश यादव कल मलावन में यही देखने आ रहे हैं कि उन्होंने एटा की जनता को जो वादों का झुनझुना दिया था। वो सही सलामत है या फिर टूट गया है। अगर टूट गया है तो फिर एक और नया वादों का झुनझुना अखिलेश यादव एटा की जनता को देकर जरूर जायेंगे।
